हापुड़ में लोकसभा चुनाव 2024 के द्वितीय चरण के लिए बुधवार की शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। बृहस्पतिवार को गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी स्थल से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अन्तर्गत आने वाले 1048 बूथों के लिए इतनी ही पार्टियां भेजी जाएंगी। जबकि 105 पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। वहीं प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने मतदान को लेकर तैयारियों में जुटे रहे। इसके लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
26 अप्रैल को दूसरे चरण का चुनाव होना है। कई दिनों तक चला चुनाव प्रचार का शोर थम चुका है। अब प्रशासन का पूरा ध्यान अधिक से अधिक मतदान कराने पर है। 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए जिले में 1048 मतदान स्थल बनाए गए हैं। बुधवार की शाम पुलिस लाइन में पैरामिलेट्री फोर्स, पीएसी और पलिस बल के साथ डीएम प्रेरणा शर्मा और एसपी अभिषेक वर्मा ने बैठक की।
वहीं, नवीन मंडी स्थल पर तीनों विधानसभा के लिए अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं। इन्हीं टेबल से मतदान कर्मियों को ड्यूटी अनुसार ईवीएम और चुनाव कराने के लिए अन्य सामग्री दी जाएगी। इसके लिए भी अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह छह बजे मतदान कर्मियों को मंडी स्थल पर बुलाया गया है। दोपहर लगभग 12 बजे से पोलिंग पार्टी मतदान स्थल के लिए रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। इन पोलिंग पार्टियों को परिवहन विभाग द्वारा अधिग्रहण किए गए वाहनों के जरिए भेजा जाएगा।
26 अप्रैल, शुक्रवार को दूसरे चरण में मतदान होने जा रहा है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक जारी रहेगा। गुरुवार सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पोलिंग पार्टियों के दल पहुंचना शुरू हो गए हैं। ईवीएम व जरूरी कागजात लेकर पोलिंग अधिकारी मतदान केंद्रों के लिए रवाना होना शुरू हो गए हैं।
एडीएम संदीप कुमार- ने बताया की मतदान के लिए बृहस्पतिवार को नवीन मंडी स्थल से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।