हापुड़ में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज गर्म होता जा रहा है और दिन में सर्दी का असर कम हो रहा है। शुक्रवार को भी चटक धूप खिली, जिसने जनवरी में ही मार्च जैसा अहसास करा दिया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। ठंडी हवा भी चल रही है, लेकिन तेज धूप के कारण ठंडी हवा बेअसर साबित हो रही है। बढ़ते तापमान में गेंहू की फसल प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे सुबह और शाम सर्दी का असर बढ़ने का अनुमान है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। बारिश तो कभी सर्द हवाओं के साथ चटक खिल रही है। पिछले एक सप्ताह से मौसम साफ होने के साथ ही चटक धूप खिल रही है, मौसम के इस बदलाव से लोग भी हैरान हैं। शुक्रवार को भी सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप के बीच गर्म कपड़े पहनना मुश्किल हो गया।
अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच जाने के कारण अभी से ही मार्च माह जैसा अहसास होने लगा है। दिन में करीब 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलती रही, लेकिन धूप के सामने हवा का ज्यादा असर नहीं दिया। बढ़ता तापमान गेहूं की फसल के लिए अनुकूल नहीं है। तापमान बढ़ने से गेहूं की बढ़वार पर तो असर पड़ेगा ही साथ ही उत्पादन पर भी फर्क पड़ेगा। वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का अनुमान है, जिससे सुबह और शाम सर्दी का असर बढ़ेगा।