हापुड़ – गांव की चौपाल पर जब संवाद की मशाल जलती है, तो बदलाव की राह भी रोशन होती है। इसी क्रम में ग्राम संवाद बैठक का 48वां सफल आयोजन बुधवार को ग्राम अल्लाबकसपुर में युवा प्रदेश उपाध्यक्ष एकलव्य सिंह सहारा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और गांव की समस्याओं व उनके समाधान पर खुलकर चर्चा की।
किसानों ने रखी अपनी बात, नेताओं ने दिया भरोसा
बैठक का संचालन शाहरुख प्रधान और पंचायत अध्यक्ष शोकीन प्रधान ने संयुक्त रूप से किया। किसानों ने जल संरक्षण, उन्नत बीज, आधुनिक खेती, और MSP की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। वहीं एकलव्य सिंह ने सभी को आश्वस्त किया कि “अब आवाज़ गाँव से ही उठेगी, और नीतियां भी गाँव के आँगन में बनेंगी।”
शुद्धिकरण प्लांट बना विकास का प्रतीक
बैठक की खास बात रही गांव में सामूहिक रूप से पानी के शुद्धिकरण प्लांट का उद्घाटन, जिससे अब पीने और सिंचाई के लिए साफ पानी मिलेगा। ग्रामवासियों ने इसे कृषि और स्वास्थ्य दोनों के लिए वरदान बताया।
एकलव्य सिंह ने की बड़ी घोषणाएं
युवा नेता एकलव्य सिंह सहारा ने किसानों को कृषि प्रशिक्षण, बीज वितरण योजना और ऋण सहायता कैंप जैसे आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से संगठित रहने और तकनीकी खेती अपनाने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता
इस संवाद बैठक में प्रदेश सचिव उदयवीर सिंह, मंडल सचिव यशवीर सिंह, डॉ मतलूब, शेखर चौधरी, आजाद भाई, हरप्रीत निर्वाण, वकील मलिक, भूरे मलिक, परमजीत सिंह, डॉ मोनिश, दिलप्रीत निर्वाण समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि, किसान संगठन और ग्रामीण जन शामिल हुए। सभी ने एक सुर में ग्राम उत्थान और किसान हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।