हापुड़ शहर को साफ सुथरा रखने के लिए लाखों रुपये की लागत से नगर पालिका द्वारा लगाए गए कूड़ेदान गायब हैं। सड़कों पर ही कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं, जिससे शहर की सूरत भी बिगड़ रही है। शहर का कचरा तो गायब हुआ नहीं लेकिन, कूड़ेदान गायब हो गए हैं। कुछ स्थानों पर अभी लगे हुए हैं तो क्षतिग्रस्त पड़े हैं। इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन इसकी सुध लेने को तैयार नहीं है। जिससे स्वच्छता सर्वेक्षण पर असर पड़ सकता है।
शहर साफ सुथरा रहे इसके लिए रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड, तहसील चौपला, नगर पालिका परिसर, बुलंदशहर रोड सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर चार वर्ष पूर्व 80 लाख रुपये के 400 स्टील और प्लास्टिक के कूड़ेदान शहर के प्रमुख स्थानों पर लगवाए गए थे। लेकिन पालिका प्रशासन की अनदेखी के कारण इनमें अधिकांश डस्टबिन सार्वजनिक स्थानों से गायब हो चुके हैं।
वहीं कुछ क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कूड़ेदान गायब हैं और जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इसका असर शहर की स्वच्छता रैंकिंग पर भी पड़ सकता है। अधिकांश कूड़ेदानों के गायब होने से नगर पालिका अफसरों की मंशा पर तो पानी फिरा ही है। इससे पालिका को भी राजस्व का नुकसान हुआ है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि जिन स्थानों पर कूड़ेदान क्षतिग्रस्त हैं या टूट गए हैं, दोबारा लगवाए जाएंगे।