हापुड़ के ब्रजघाट में रविवार को हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से शाम करीब चार बजे टोल प्लाजा पर जाम लग गया। लगभग एक घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। भीषण गर्मी में जाम में फंसने के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर वाहनों का दबाव बढ़ने से रविवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर में हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। इसके बाद हाईवे पर जाम के हालात पैदा हो गए। करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई।
शाम करीब चार से पांच बजे के बीच टोल प्लाजा पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण मुरादाबाद से दिल्ली की ओर वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जाम से बचने के लिए मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले बहुत से लोग गंगा नगरी में ही रुक गए। इसके अलावा जाम से बचने के लिए बहुत से यात्रियों ने हाईवे के किनारे स्थित ढाबों पर अपने वाहनों को रोक लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम को खुलवाया।
टोल अधिकारियों ने बताया कि होली का पर्व मनाकर लोग वापस आ रहे है, जिसके कारण वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई। इससे जाम की समस्या बनी। जिस पर काबू पा लिया गया है।