हापुड़। थाना देहात क्षेत्र मोहल्ला न्यू कविनगर निवासी प्रीति रानी ने दहेज में कार व पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का प्रयास का आरोप लगाया है। इस मामले में विवाहिता की तहरीर के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रीति रानी ने बताया कि 11 मई 2018 को उनकी शादी अमित कुमार निवासी गांव हकीमपुर शंकरगंज जिला बिजनौर के साथ हुई थी। शादी में दिए गए दान दहेज से पति अमित कुमार, सास बीना देवी, देवर योगेश कुमार, ममिया ससुर दिनेश कुमार व ननद सोनी नाखुश थे। शादी के बाद से पति और ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
29 फरवरी 2020 को आरोपियों ने दहेज के लिए उन्हें जमकर पीटा था और घर से निकाल दिया था। मायके पहुंचकर उन्होंने अपने परिजनों को सब बातें बताई थी। उनके पिता गणमान्य लोगों के साथ ससुराल पक्ष के लोगों को समझाकर वापस आ गए थे। पांच अक्तूबर 2020 को आरोपी मायके पहुंचे थे और उनके पिता से उन्हें ससुराल ले जाने की बात कही थी। उनके पिता ने उन्हें आरोपियों के साथ खुशी से ससुराल भेज दिया था।
31 जनवरी 2021 को उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। 17 जुलाई 2022 को आरोपियों ने दहेज के लिए उन्हें फिर से पीटा था। इतना ही नहीं आरोपी पति, सास व देवर ने जान से मारने की नियत से दुप्पटे से गला दबाकर उनकी हत्या का प्रयास किया था। इसके बाद आरोपी उन्हें हापुड़ उनकी बहन के घर के बाहर छोड़कर चले गए थे। 29 मार्च 2025 को अमित ने तलाक देने की धमकी दी थी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी।