जनपद हापुड़ में पन्नापुरी में बुधवार रात को हाईटेंशन लाइन का जर्जर खंभा गिर गया। जिसके कारण रातभर दस मोहल्लों की बिजली गुल रही। गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहा, बृहस्पतिवार शाम तक भी सप्लाई नहीं मिली। बिजली न आने से लोग तिलमिला गए। इस पर बिफरे लोगों ने प्रदर्शन किया।
पटना मुरादपुर बिजलीघर के फीडर नंबर दो से जुड़े मोहल्ला पन्नापुरी में लगा लोहे का खंभा नीचे से गल जाने के कारण काफी समय से जर्जर हो रहा था, जो अब गिर गया। गनीमत रही कि खंबा गिरने से किसी को चोट नहीं लगी। भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोग परेशान हैं। जिससे रातभर उपभोक्ता भीषण गर्मी से परेशान रहे, बिजलीघर पर फोन भी करते रहे। लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
खंभा गिरने के कारण मोहल्ला कविनगर, पन्नापुरी, भगवानपुरी, इंद्रलोक कॉलोनी, जेके कॉलोनी, कृष्णा नगर, शक्तिनगर की सप्लाई बुधवार रात दस बजे से पूरी रात ही बंद रही। बृहस्पतिवार देर शाम सप्लाई चालू हो सकी।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के ध्यान नहीं देने पर पन्नापुरी के लोगों ने विरोध में विजयपाल त्यागी, विनोद, राकेश गुप्ता, बलबीर सिंह अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया और निगम के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया। अधिकारियों के ध्यान न देने से जगह जगह फाल्ट होते रहते है। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ता है।
उधर, जवाहर गंज में एक पोल पर लगे जर्जर तारों में आग लग गई। इसके नीचे खड़ा ठेला भी जल गया। स्थानीय लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों को सूचना दी। लेकिन एक घंटे तक कोई नहीं पहुंचा, तार पूरी तरह जल जाने के बाद ही आग रुक सकी।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार- ने बताया की बिजली का खंभा गिरने से जिन मोहल्लों की सप्लाई प्रभावित हुई थी। वहां, आपूर्ति चालू करा दी गई है। गर्मी में बिजली की डिमांड बढ़ने से लोड बढ़ गया है, जिस कारण फाल्ट हो रहे हैं।