हापुड़। शहर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री लागू कर रखी है।बावजूद इसके शहर में भारी वाहनों का प्रवेश जारी है। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधरने के बजाय बिगड़ती जा रही है। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। यातायात पुलिसकर्मियों के बावजूद नो एंट्री में बड़े वाहन घुस जाते है।
शहर के लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन का आदेश कागजी घोषणा तक रह गया है। यह दिखावे की नो एंट्री है। शहर में लगातार भारी वाहन प्रवेश कर रहे हैं। भारी वाहनों के प्रवेश के कारण शहर में दुर्घटना के कारण कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके शहर में भारी वाहनों का प्रवेश जारी है। इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है।
जिला प्रशासन के आदेश के बावजूद शहर के नो एंट्री एरिया में 16 चक्का ट्रक, ट्रैक्टर, ट्रॉली, टाटा 407 जैसे मालवाहक वाहन प्रवेश कर रहे हैं। पुलिस की नाकामी कहें या ढिलाई से तंग बाजार में भी भारी वाहन प्रवेश कर रहे है। जिसके कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
यातायात प्रभारी छविराम का कहना है कि नो एंट्री में आने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। अगर नो एंट्री होने के बावजूद भी भारी वाहनों का प्रवेश होता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।