हापुड़ में मंगलवार को भी लोगों को शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ा। सोमवार को तेज धूप रहने के बाद देर रात मौसम फिर ठंडा हो गया। देर रात आए घने कोहरे ने शहर से लेकर देहात तक पूरे क्षेत्र को कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया। कोहरे के चलते दृष्यता कम हो गई। दोपहर तक लोग ठंड में कांपते रहे।
सोमवार देर रात से कोहरा पड़ना शुरू हो गया, जो सुबह होने तक बढ़ता चला गया। सुबह 9 बजे तक भी हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिस कारण हाईवे पर वाहन स्वामियों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। घने कोहरे के कारण दिखना मुश्किल हो गया।कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के चलते सुबह के समय सर्दी का असर बढ़ा हुआ दिखा। मंगलवार दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे का प्रकोप दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रहा। दोपहर के समय निकली धूप में भी राहत नहीं मिल सकी।
वहीं बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। एक बजे के बाद धूप निकलने पर लोगों को कुछ राहत मिली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव अभी जारी रहेगा। कोहरा और सर्दी परेशान करती रहेगी।