हापुड़ के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी बूंदाबांदी तो कभी चटक धूप खिल रही है। शुक्रवार सुबह बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक बढ़ गई, लेकिन दोपहर में खिली धूप ने फिर से गर्मी का एहसास करा दिया। मौसम के बदलते मिजाज से लोग भी परेशान हैं। गर्मी-सर्दी का असर लोगों की सेहत को बिगाड़ रहा है।
मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में फिर बदलाव देखने को मिला। पिछले दो दिनों से बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम में भी ठंडक बढ़ गई। मौसम ने करवट ली और शुक्रवार को सुबह भी आकाश में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी भी हुई।
हवाओं के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। हवाओं की रफ्तार बढ़ने से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ तो उन्हें गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। अधिकत तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है मार्च माह की शुरुआत होने के साथ ही तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। इससे गर्मी का असर बढ़ेगा, हालांकि पहले सप्ताह में हवा का प्रकोप भी लोगों को परेशान करेगा।