हापुड़ – पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अतरपुरा चौराहा स्थित नेहरू प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर राकेश त्यागी ने कहा कि पंडित नेहरू ने जिस भारत का सपना देखा था, उसकी नींव उन्होंने अपने कार्यकाल में रख दी थी। उन्होंने कहा कि आज जिस भारत को हम विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ते देख रहे हैं, वह नेहरू जी की दूरदृष्टि का परिणाम है। उनके नेतृत्व में भारत में इसरो, भेल, बड़ी सिंचाई परियोजनाएं, शिक्षा संस्थान और औद्योगिक ढांचा खड़ा हुआ।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता नेहरू जी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर देश सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जिला कोऑर्डिनेटर पौरुष शर्मा, पूर्व प्रत्याशी अरविंद शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद अयाजुद्दीन, शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी, वरिष्ठ नेता रामप्रसाद जाटव, सभासद सुशील शास्त्री, डॉ. वीसी शर्मा, आकाश त्यागी, रघुवीर सिंह एडवोकेट, मदन सिंह चौहान समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।