जनपद हापुड़ में एक से पांच साल तक के तीन और बच्चों में खसरे की पुष्टि हुई है। जिसके बाद हड़कंप मच गया है। तीनों बच्चों का स्वास्थ्य ठीक बताया जा रहा है।
नियमित टीकाकरण सत्र के तहत दस जानलेवा बीमारियों से रोकथाम के लिए बच्चों को टीके लगाये जाते हैं। इसमें खसरे से रोकथाम के लिए भी टीके लगते हैं। अब जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बच्चों में खसरे की पुष्टि हो रही है।
125 के करीब बच्चों में खसरे की पुष्टि हो चुकी है। अब तीन और बच्चों में खसरे की पुष्टि हुई है। पीड़ित बच्चे बझैड़ा कलां के रहने वाले हैं। इनकी उम्र एक से पांच साल के बीच है। खसरे की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत गांव में पहुंची और बच्चों का हाल जाना।
अब तक दो गांव और तीन मोहल्लों में खसरे के मरीज मिले हैं। जहां स्वास्थ्य टीमों का रोजाना सर्वे चल रहा है। सर्वे कर टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
हापुड़ सीएमओ-डॉ सुनील त्यागी ने बताया कि जनपद में अब तक जिन बच्चों में खसरे की पुष्टि हुई है उन सभी का स्वास्थ्य बिलकुल ठीक है। रोकथाम के लिए जिले में सर्वे चल रहा है। खसरा उन्मूलन अभियान की तैयारियां चल रही हैं।