हापुड़ में बृहस्पतिवार को धूल भरी हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया। पैदल और दोपहिया वाहन चालकों का सड़क पर चलना दूभर हो गया। वहीं रात को सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से गर्मी बढ़ने का अनुमान है।
मार्च की शुरुआत बूदांबादी के साथ हुई। लेकिन इसके बाद से ही लगातार तेज हवाएं चल रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण हवा में ठिठुरन बढ़ गई। बृहस्पतिवार को दिन में 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली, हालांकि बुधवार के मुकाबले हवा की रफ्तार कम हुई है लेकिन धूल और हवा के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
शहर में इस समय धूल भरी हवा का कहर चल रहा है। धूल भरी तेज हवा चलने से लोग परेशान है। सड़कों पर धूल उड़ने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 27 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर नौ डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि शुक्रवार को भी हवा का प्रकोप रहेगा। इसके बाद हवा की रफ्तार कम होगी और तापमान में बढ़ोतरी प्रारंभहो जाएगी। अगले सप्ताह तक गर्मी का असर लोगों को परेशान करने लगेगा।