हापुड़। तेज हवा का प्रकोप शुक्रवार को भी जारी रहा। दिनभर धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दिन में 21 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलती रही, लेकिन तापमान स्थिर रहा। वहीं शाम होते ही ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन में तापमान 26 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रही है। पिछले एक सप्ताह में बूंदाबांदी, चटक धूप के बाद अब तेज हवा का सितम लोगों को परेशान कर रहा है। पिछले दो दिनों से लगातार तेज हवा चल रही है, जिससे सडक़ों पर धूल उड़ रही है। तेज हवाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया। धूप में भी ठंडक का एहसास हो रहा है।
शुक्रवार सुबह से ही चटक धूप खिलने के साथ तेज हवा चलती रही। दिन में अधिकतम 21 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली, जिससे घरों की छतों और पार्कों पर धूप सेंक रहे लोग ज्यादा देर तक नहीं बैठ सके। तेज हवा के कारण सड़कों पर धूल उड़ती रही। तेज हवा का असर त्वचा पर भी दिखने लगा है। सुबह और शाम अभी भी ठंड का असर बरकरार है।
तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। शाम ढलते ही सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और दो दिन बाद अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान तेजा हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा।