हापुड़। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद बृहस्पतिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन में सूरज की तपिश और गर्म हवाओं का प्रकोप कम रहा और शाम को बारिश हो गई। जिससे अधिकतम तापमान भी दो डिग्री गिरकर 39 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बारिश का भी अनुमान है, जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
अप्रैल की शुरूआत से ही धीरे-धीरे सूरज की किरणें प्रचंड होने लगी थी। पिछले एक सप्ताह से लोग सूरज की तेज तपिश और गर्म हवाओं से बेहाल थे। लोग धूप में निकलने से भी बच रहे थे, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज थोड़ा नरम रहा, इसके कारण तापमान में भी गिरावट हुई। शाम को मौसम एकदम से बदल गया। जिससे तेज हवा चली और काले बादल छा गए। थोड़ी देर बाद बारिश भी हुई।
घने काले बादलों और झोंकेदार हवाओं संग जमकर बरसात शुरू हुई। बारिश और हवाओं की वजह से तापमान गिरने से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को राहत महसूस हुई। जिससे तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। करीब 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। जिसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे अगले तीन चार दिन तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।