हापुड़। फरवरी में मार्च जैसी गर्मी का लोगों को एहसास हो रहा है। सोमवार को भी दिन में तेज धूप के कारण तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री बना हुआ है। ऐसे में लोगों को सुबह शाम काफी ठंडक महसूस हो रही है। हालांकि देर रात मौसम में बदलाव की आशंका बताई जा रही है। बूंदाबांदी के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। सोमवार को भी सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप के बीच गर्म कपड़े पहनना मुश्किल हो गया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच जाने के कारण अभी से ही मार्च माह जैसा एहसास होने लगा है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभसक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव होने की पूरी संभावना है। बूंदाबांदी के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि इसके बाद फिर तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।