हापुड़ में रक्षाबंधन पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री को रोकने के लिए बृहस्पतिवार (आज) से छापामार अभियान चलेगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की तीन टीमों का गठन तहसील अनुसार किया गया है। जो चार दिन तक अपने क्षेत्रों में कार्यवाही करेंगे।
19 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही मिठाइयों का बाजार भी गुलजार होने लगा है। त्योहार के समय मिठाईयों की मांग बहुत होती है। इसी का फायदा उठाकर मिलावटखोर, मावे व मिठाईयों में मिलावट करके उसकी मात्रा तो बढ़ा देते हैं, लेकिन उसकी गुणवत्ता पूरी तरह से खत्म हो जाती है।
ऐसे में बाजारों में मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं। मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में मिलावटखोर कोई कमी नहीं छोड़ते हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग एवं औषधि प्रशासन विभाग मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए चार दिन अभियान चलाएगा। बृहस्पतिवार की शाम से 19 अगस्त की रात तक यह अभियान चलोग।
सहायक आयुक्त द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों पर भी ध्यान है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित तीन टीमों का गठन किया गया है। सूचना के आधार पर टीम छापा मारेगी। जांच के लिए सामग्री का नमूना एकत्र भी किया जाएगा। निगरानी के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। अभी आमतौर पर यह देखा जाता है कि लोग सामग्री खरीदने के बाद रसीद नहीं लेते हैं।