हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी में खाली पड़े गोदाम की छत पर अचानक एक गोवंश बिजार चढ़ने से हड़कंप मच गया। लोगों ने गोवंश बिजार को छत से उतरने का काफी प्रयास किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश बिजार को क्रेन की मदद से छत से नीचे उतारा गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
कांग्रेस नेता विक्की शर्मा ने बताया कि मंगलवार की रात उन्हें सूचना मिली कि शिवपुरी में एक खाली पड़े गोदाम की छत पर एक गोवंश चढ़ गया। गोवंश को उतारने के लिए वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। कांग्रेस नेता ने गौशाला के लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश को क्रेन की मदद से छत से नीचे उतारा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि गोवंश दो दिन से गोदाम की छत पर मौजूद था। मंगलवार को सूचना मिलने के बाद गोवंश को गोदाम की छत से नीचे उतारा गया। जिसके बाद गोवंश को चारा और पानी पिलाया गया। इस मौके पर कांग्रेस नेता विक्की शर्मा, राजन वाल्मीकि, रितिक त्यागी, साकिब, राजा आदि मौजूद रहे।