हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आनंद विहार निवासी मनोज शर्मा अपने फर्जी रिश्तेदार के झांसे में आ गया और एक लाख रूपये ठगी का शिकार हो गया। रिश्तेदार बताकर साइबर ठग ने उसके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बदलते समय में साइबर ठग भी अपना पैतरा बदल रहे हैं। जरा सी चूक से साइबर ठग आपके जीवन भर की कमाई को कुछ मिनटों में उड़ा सकते हैं। साइबर ठगों के झांसे में आकर लोग साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। लोगों को सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
मनोज शर्मा ने बताया कि 21 जुलाई 2024 की रात लगभग दस बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आपको उनका रिश्तेदार बताया था। फोन पर बातें करते समय आरोपी ने उन्हें विश्वास में ले लिया था। इसके बाद आरोपी ने एक लाख रुपये की तत्काल आवश्यकता होने की बात कही थी।
आरोपी पर भरोसा करके उन्होंने चार बार में अपने खाते से आरोपी को एक लाख हस्तांतरित कर दिए थे। कुछ दिनों बाद उन्होंने आरोपी से अपने रुपये वापस करने के लिए कॉल किया। लेकिन आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ था।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।