ब्रजघाट। क्षेत्र के एक गांव में महिला ने पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर न केवल उसे, बल्कि उसके परिवारजनों को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद पांच नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति गाजियाबाद में काम करता है और वह अकेली घर पर रहती है। उसका आरोप है कि पड़ोसी युवक लंबे समय से उसे अश्लील इशारे करता था और छेड़छाड़ करता रहा है। कई बार इसके कारण विवाद भी हो चुका था।
महिला ने बताया कि 25 मई को आरोपी उसके घर में घुस आया, जब वह रसोई में खाना बना रही थी। उसने पीछे से पकड़कर दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। किसी तरह वह चंगुल से छूटकर देवर के घर पहुंची और पति को सूचना दी।
इसके बाद जब महिला का पति गांव आया और आरोपी के परिवार से शिकायत की, तो आरोप है कि आरोपी अपने परिजनों के साथ देवर के घर पहुंचा और पूरे परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने पहले इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की, जिससे उसे अदालत का सहारा लेना पड़ा। अदालत के आदेश पर पुलिस ने अब पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीओ वरुण मिश्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।