हापुड़ – जनपद हापुड़ में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हापुड़ नगर की एंटी रोमियो टीम ने एक मनचले युवक को गिरफ्तार किया है, जो राह चलती लड़कियों और महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसता था।
पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किया गया आरोपी फरमान पुत्र मोहम्मद सुलेमान, ग्राम जमाईपुरा, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद का रहने वाला है। एंटी रोमियो टीम ने उसे दिल्ली रोड स्थित टैम्पू स्टैंड के पास से रंगे हाथों पकड़ा, जहां वह महिलाओं और युवतियों को देखकर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा था।
पुलिस की सतर्कता से दबोचा गया आरोपी
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि हापुड़ पुलिस महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है, और मनचलों व महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना हापुड़ नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति किसी महिला या लड़की के साथ छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हापुड़ पुलिस की यह तत्परता न केवल अपराधियों के मनोबल को गिराती है बल्कि महिलाओं के लिए एक सुरक्षित माहौल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।