हापुड़ ब्रजघाट। दिल्ली-लखनऊ हाईवे 09 पर टोल प्लाजा के पास लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हाईवे पर करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी में करीब पांच घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। ऐसे में बच्चे पानी आदि के लिए भी बिलबिला गए। बुद्ध पूर्णिमा पर वाहनों का अधिक आवागमन होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुद्ध पूर्णिमा के कारण देर रात से ही गंगा नगरी की ओर वाहनों का आना शुरू हो गया था। इसके कारण हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया। सोमवार सुबह लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरादाबाद की ओर से हापुड़ की ओर आ रही थी।
जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव हाईवे स्थित ट्रोल प्लाजा के निकट पहुंची तो चालक नियंत्रण खो बैठा। जिससे ट्रॉली पलट गई और लकड़ियां हाईवे पर बीच सड़क पर बिखर गईं। इस दौरान हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए।
देखते ही देखते भीषण जाम लग गया और गंगा स्नान के लिए आने जाने वाले यात्री भी फंस गए। ऐसे में घंटों तक वाहन हाईवे पर जाम में फंसकर रेंगते रहे। दो पहिया वाहन भी जाम में फंसे दिखाई दिए और उन्हें भी निकलने के लिए रास्ता नहीं मिला।
गर्मी के बीच फंसे यात्रियों को पांच घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से पानी और छांव की कमी झेलनी पड़ी। बाद में सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ियों को हटवाया गया, तब जाकर हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
सीओ वरुण मिश्रा- ने बताया की हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ियां गिरने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ियों को हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया। ड्यूटी में लापरवाही को लेकर जांच की जाएगी। इसमें दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्यवाही भी होगी।