हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर बाईपास पर स्थित एक ढाबे में बीती रात भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरा ढाबा लपटों से घिर गया। आसमान में काला धुआं छा गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार बाईपास पर शाकुल शर्मा का ढाबा है। बृहस्पतिवार देर रात अचानक होटल में आग लग गई। धीरे-धीरे आग लगातार बढ़ती चली गई। लकड़ी का कार्य होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। होटल धू-धूकर जलने लगा। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया है। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।