हापुड़ में 20 करोड़ से असरा गांव से गुजर रही काली नदी के जर्जर पुल को तोड़कर नया पुल बनाया जाएगा। तीन चरणों में लोक निर्माण विभाग करीब 20 करोड़ रुपये खर्च करेगा। शासन ने विभाग को धनराशि जारी कर दी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस पुल के बनने से गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। साथ ही स्वर्ग आश्रम रोड से किठौर जाने वाले वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
वर्तमान में पुल जर्जर हालत में है। करीब 35 साल पहले पुल का निर्माण हुआ था। इस पुल की चौड़ाई भी कम है। ऐसे में एक बार में दो वाहनों का निकलना मुश्किल रहता है। यहां तक कि जर्जर पुल से निकलते समय लोगों को डर रहता है।
ग्रामीणों की मांग पर सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने मुख्यमंत्री से मिलकर पुल के निर्माण की मांग की थी। अब इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग की कार्यदायी संस्था सेतु निगम कराएगा। पिछले साल जुलाई से पुल के निर्माण शुरू होने की चर्चा कई बार हो चुकी हैं। बता दें कि इस पुल से हर दिन प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं।
करीब 80 मीटर पुल का निर्माण कराने के लिए अब धनराशि जारी हुई है। पुल का निर्माण होने से आठ गांवों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। दोपहिया के अलावा चार पहिया वाहन भी आसानी से गुजर सकेंगे। इस पुल से मेरठ और गढ़ की तरफ भी आवागमन कर पाएंगे। गांव असरा के प्रधान सोहनवीर ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए पुल का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए। जिससे कि कोई हादसा न हो।
मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि शासन से धनराशि जारी हुई है। सेतु निगम पुल का निर्माण कराएगा।