हापुड़ में सुबह और शाम पाला पड़ने से ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार दोपहर को पांच दिन बाद सूरज दिखा, मगर गलन के बीच सर्दी से ज्यादा राहत नहीं मिली। दिन में लोग मकान की छतों और चबूतरों पर धूप में बैठे हुए नजर आए। जिले का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा।
सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। पाला पड़ने से लोगों की कंपकपी छूट रही है। सर्दी से बचाव के लिए लोग सुबह और शाम को अलाव का सहारा ले रहे है। सुबह शाम अधिक ठंड होने से सड़कों पर भीड़भाड़ भी कम रही। ठंड व गलन को देखते हुए लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया। सर्दी अधिक होने के कारण लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए हैं। रविवार सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। लेकिन दोपहर के समय करीब एक घंटे के लिए हल्की धूप निकलने से लोगो ने सर्दी से राहत महसूस की। धूप निकलते ही लोग छतों पर पहुंचकर खुले में दिन भर धूप सेंकते नजर आए। छुट्टी के चलते बच्चे खुश दिख रहे थे। उन्होंने पार्कों में खेलकर आनंद लिया।
कई दिनों से बादलों और कोहरा के छाए रहने से धूप के दर्शन भी लोगों को मुश्किल हो गए थे। मौसम में बदलाव के चलते भले ही धूप निकली हो, उसके बाद भी सर्दी के चलते लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली। शाम के समय फिर से कोहरा छा गया और ठंड की वजह से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। एक्यूआई भी बढ़कर 271 पर पहुंच गया है।