जनपद हापुड़ में किसान अब गन्ने के साथ पत्ता गोभी की खेती कर सकेंगे। ब्रजनाथपुर चीनी मिल ने भटियाना गांव में यह मुहिम शुरू की है। मानसून गन्ना बुवाई सत्र में इस तरह की खेती से किसानों को लाभ होगा।
जिले के किसान परंपरागत खेती करते हैं, अधिकांश किसान ग्रीष्मकालीन गन्ना बुवाई पर ही ध्यान देते हैं। जबकि शरदीय और मानसून के दौरान भी गन्ने की बुवाई की जा सकती है।
ब्रजनाथपुर चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक बह्म सिंह राठौर ने बताया कि भटियाना के किसान छत्रपाल सिंह के यहां सह फसली खेती शुरू कराई गई है। किसान ने गन्ने की 0118 प्रजाति के साथ ही पत्ता गोभी की फसल भी लगाई है। इस खेती का लाभ यह है कि किसान को पत्ता गोभी से तो मुनाफा मिलेगा ही, साथ ही गन्ने में भी 25 से 30 फीसदी अधिक पैदावार होती है।
उन्होंने अन्य किसानों को भी जागरूक किया। इस समय किसानों ने गन्ना की बुवाई शुरू कर दी है, अधिक मुनाफे के लिए किसान गन्ने के साथ ही दूसरी फसलें लगाकर अतिरिक्त मुनाफा कमा सकते हैं। गन्ने की बुवाई के साथ ही सहफसली का उत्पादन कर आय बढ़ा सकते हैं।