रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर हापुड़ के युवक ने हड़पे पांच लाख से ज्यादा रुपये। अब न तो नौकरी लगी और न रुपये वापस मिले। पीड़ित किसान की शिकायत सुनकर देहात थाना पुलिस ने पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर में किसान डालचंद सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे अरुण कुमार और पुष्प दीप बेरोजगार हैं। उनके दोनों बेटों ने रेलवे भर्ती बोर्ड सीईएनआरसी लेवल वन के लिए जनवरी 2019 में आवेदन किया था। जिसकी परीक्षा 12 सितंबर 2022 व 13 सितंबर 2022 को हुई थी। इस बीच 10 जनवरी 2021 को डालचंद अपने बेटे प्रवीण कुमार के साथ जरूरी काम से रानी बाग जा रहे थे।
तभी अमरोहा रोडवेज बस अड्डे पर हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ छावनी के कन्या कल्याणपुर के रहने वाले गौरव सिद्धू से मुलाकात हुई। वह उसे पहले से जानते थे। पीड़ित का आरोप है कि गौरव सिद्धू ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। डालचंद सिंह के दोनों बेटों ने रेलवे में भर्ती के लिए आवेदन किया था। इसलिए उन्होंने गौरव सिद्ध की बातों के झांसे में आकर विश्वास कर लिया।
आरोपी से तीन लाख रुपये में नौकरी लगवाने की बात तय हुई थी। बातों में उलझकर तभी 30 हजार रुपये गूगल पे कर दिए। इसके बाद में आरोपी ने पांच लाख से अधिक रुपये और ले लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने कहा था कि रिजल्ट आउट होने पर उनके दोनों बेटों का रेलवे में नंबर आ जाएगा।
इसी बीच रेलवे भर्ती बोर्ड 2019 की परीक्षा का परिणाम दिसंबर 2022 में आ गया लेकिन उनके बेटे का नंबर नहीं आया। जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्यवाही नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली। एसीजेएम के आदेश पर देहात थाना पुलिस ने पीड़ित के साथ हुई धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
सीओ सतीश चंद पांडेय- ने कहा कि एसीजेएम के आदेश पर आरोपी गौरव सिद्ध के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के आरोप में केस दर्ज किया है। मामले की जांच कर आगे कर कार्यवाही की जाएगी।