हापुड़। तगासराय स्थित चौधरी ताराचंद जनता इंटर कॉलेज (CTC) की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर उत्पन्न संशय आखिरकार खत्म हो गया है। डीआईओएस कार्यालय ने शुक्रवार शाम को चुनाव प्रक्रिया को विधिमान्य घोषित करते हुए पर्यवेक्षक की नियुक्ति भी कर दी है। इससे पहले शुक्रवार दोपहर को डीआईओएस ने चुनाव को अवैध घोषित कर दिया था, जिससे कॉलेज में बवाल मच गया था।
पहले अवैध, फिर मान्य – आदेशों में दिनभर उलझा चुनाव
दरअसल, कॉलेज के प्रतिष्ठित चुनाव में दो गुटों के बीच सीधी टक्कर है और मतदान 13 जुलाई को प्रस्तावित है। शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय से एक आदेश पत्र जारी हुआ जिसमें कहा गया कि प्रबंध समिति का सोसाइटी नवीनीकरण कालातीत हो चुका है, इस कारण चुनाव विधिमान्य नहीं माना जाएगा।
इस आदेश के बाद दोनों गुटों में हड़कंप मच गया। लेकिन शाम को प्रबंध समिति के पदाधिकारी नवीनीकरण के दस्तावेजों के साथ डीआईओएस कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद एक नया आदेश जारी हुआ और चुनाव को मान्यता दी गई। इसके साथ ही जीआईसी सिखेड़ा के प्रधानाचार्य सुनील कुमार आर्य को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
इन पदों पर होगा चुनाव, दो गुट आमने-सामने
चुनाव में अध्यक्ष पद पर मोहित त्यागी और विजय त्यागी,
उपाध्यक्ष पद पर संजीव त्यागी और ब्रजेश त्यागी,
प्रबंधक पद पर उमेश त्यागी और विपिन त्यागी,
उप प्रबंधक पद पर प्रशांत त्यागी और संजय त्यागी,
कोषाध्यक्ष पद पर रविंद्र त्यागी और धर्मेंद्र त्यागी,
सदस्य पद पर अमित त्यागी, मोहित त्यागी, नितेश त्यागी, पुष्कर त्यागी, धर्मेंद्र त्यागी और सुरेश चंद यादव के बीच मुकाबला होगा।
डीआईओएस का बयान
डीआईओएस श्वेता पूठिया ने कहा,
“प्रबंध समिति का सोसाइटी नवीनीकरण दस्तावेज पहले फाइल में उपलब्ध नहीं था, इस कारण चुनाव को विधिमान्य नहीं बताया गया था। अब दस्तावेज प्राप्त हो गए हैं। पर्यवेक्षक भी नियुक्त कर दिया गया है। चुनाव 13 जुलाई को ही संपन्न होगा।”
![]()
![]()
![]()