हापुड़। जिले में आपदा प्रबंधन के तहत जागरूकता फैलाने के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर शुक्रवार को अचानक “Respect for Iran” और “फिलिस्तीन के बच्चों के लिए कुछ करो” जैसे संदेश दिखाई देने लगे। यह दृश्य देख डीएम अभिषेक पांडेय भी हैरान रह गए। मामला स्क्रीन के हैक होने का माना जा रहा है, जिसके बाद जिलेभर की सभी एलईडी स्क्रीन का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे डीएम अभिषेक पांडेय कार्यालय से निकलकर जब सभागार कक्ष की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर कार्यालय परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर पड़ी। स्क्रीन पर चल रहे संदेश पढ़ने के बाद डीएम ने तत्काल कर्मचारियों से इसकी जानकारी मांगी। उसी समय जिला आपदा प्रबंधक अधिकारी गजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और बताया कि यह स्क्रीन लखनऊ मुख्यालय से संचालित होती है और इसका नियंत्रण जिला स्तर पर नहीं होता।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने स्वयं स्क्रीन का स्विच बंद कर दिया। तत्पश्चात गजेंद्र सिंह ने लखनऊ मुख्यालय को पूरे मामले की सूचना दी और जिले की तीनों तहसीलों में लगी अन्य एलईडी स्क्रीन को भी बंद करवाया।
सोशल मीडिया से जुड़ा प्रतीत हो रहा है संदेश
विशेषज्ञों के अनुसार, “Respect for Iran” और फिलिस्तीनी बच्चों से जुड़ा यह संदेश हाल के वर्षों में सोशल मीडिया पर वायरल हुए अभियानों से मेल खाता है। यह संदेश आमतौर पर ईरान और फिलिस्तीन के समर्थन में चलाए गए ऑनलाइन आंदोलनों का हिस्सा होते हैं, विशेषकर जब इज़राइल-पलस्तीन संघर्ष जैसी घटनाएं चर्चा में होती हैं।
क्या बोले अधिकारी?
जिला आपदा प्रबंधक अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया, “यह एलईडी स्क्रीन जिला स्तर से नहीं चलाई जाती है। इसका संचालन प्रदेश स्तर से होता है। संभवत: स्क्रीन के कंट्रोल सिस्टम को हैक किया गया है। पूरे मामले की सूचना मुख्यालय को दे दी गई है और एहतियातन जिले की सभी स्क्रीन बंद करा दी गई हैं।”
फिलहाल इस हैकिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और तकनीकी विशेषज्ञों को सतर्क कर दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि जांच के बाद ही साफ होगा कि यह साइबर हमले का मामला है या तकनीकी चूक।