हापुड़/अमरोहा। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल को पार्टी ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अमरोहा जिले का जिला कांग्रेस कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। शनिवार को वे संगठन सृजन अभियान की पहली बैठक में भाग लेने अमरोहा पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।अभिषेक गोयल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने जो विश्वास उनमें जताया है, वे उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
आपसी मतभेद समाप्त कर संगठन को करेंगे मजबूत
अभिषेक गोयल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य अमरोहा जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है और पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के बीच यदि कोई मनमुटाव है, तो उसे समाप्त कर समन्वय की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के बिना कोई भी राजनीतिक लड़ाई नहीं जीती जा सकती।
100 दिनों तक चलेगा संगठन सृजन अभियान
कोऑर्डिनेटर अभिषेक गोयल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में संगठन को सशक्त बनाने के लिए 100 दिवसीय संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले में पार्टी की जड़ें मजबूत करना और बूथ स्तर तक संगठनात्मक संरचना को सुदृढ़ करना है।
403 सीटों पर मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस
उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अभी से तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ना है, जिसके लिए प्रत्येक जिले में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं।
अभिषेक गोयल ने कहा कि वे अमरोहा जिले में कांग्रेस को पुनः मजबूत स्थिति में लाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे और हर कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ मानते हुए आगे बढ़ाएंगे।
कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
उनकी नियुक्ति से अमरोहा जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिला। सभी ने एकजुटता के साथ संगठन के निर्देशों का पालन करने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।