हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अन्तर्राज्यीय गिरोह के 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से उत्तराखण्ड से चोरी किये गये 11 बैटरे, अवैध हथियार व घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार बरामद की है।
गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि हापुड पुलिस द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम और चोरो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान 6 अन्तर्राज्यीय चोरों को बागडपुर कट के पास से गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से उत्तराखण्ड से चोरी किये गये 11 बैटरे, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो अवैध चाकू व घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार बरामद हुई है।
चोरों की पहचान ओमपाल पुत्र दयाराम निवासी बरनाई थाना कुडंलिया जनपद बरेली हाल पता मौहल्ला कान्ती बिहार थाना सुभाष नगर जनपद बरेली, मोहित पुत्र नन्हे लाल निवासी शान्ती बिहार निकट आरएल स्कूल थाना सुभाष नगर बरेली, शिवम मौर्य पुत्र अशोक मौर्य निवासी शान्ती बिहार निकट चन्द्र पाल किराना स्टोर थाना सुभाष नगर बरेली, पवन पांडे पुत्र राजकुमार निवासी शान्ती बिहार थाना सुभाष नगर जनपद बरेली, कृष्ण कश्यप पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी फतेहपुर कला थाना बेहट जनपद सहारनपुर, सन्नी पुत्र मोलू राम निवासी सुआखेडी थाना सरसावा जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चोर शातिर किस्म के अपराधी हैं। जिनमे ओमपाल और मोहित के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज है। फिलहाल चोरों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।