हापुड़। बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर गढ़मुक्तेश्वर के तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा के विभिन्न घाटों पर देश के कई प्रांतों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। साथ ही पतित पावनी गंगा का विधि विधान से पूजन-अर्चना कर सुख और समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रदालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ी संख्या में गंगा घाटों पर पुलिस प्रशासन तैनात रहा।
मान्यताओं के अनुसार आज के दिन गंगा में स्नान करने के बाद दान-पुण्य का महत्व है। कहा जाता है इस दिन भगवान विष्णु गंगाजल में निवास करते हैं। इसी कारण बुद्ध पूर्णिमा पर स्नान करने का विशेष महत्व है।
मान्यता है कि आज ही के दिन भगवान बुद्ध के रूप में भगवान विष्णु ने धरती पर अवतार लिया था। बुद्ध पूर्णिमा पर तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा में स्नान करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।