हापुड़ /सिंभावली। बुकलाना गांव के जंगल में नहर किनारे वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश कर रही है, लेकिन तेंदुआ अभी तक नहीं दिखाई दिया। वहीं, तेंदुआ दिखाई देने की खबर से दहशत फैल गई। लोग दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं।
बुकलाना गांव के जंगल में दो ग्रामीण खेतों में फसलों को देखने के लिए गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान रास्ते में आए तेंदुआ को देखकर वह दंग रह गए।इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी गई। क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की आमद होने की जानकारी से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। तेंदुआ देखे जाने से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की। वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मामले को संज्ञान में लेकर तेंदुए का पता लगाने के लिए मौके पर पहुंच गए। अब वन विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण दिन-रात तेंदुए की तलाश भी कर रहे हैं, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आ रहा है।तेंदुए को पकड़ने की लगातार कोशिश चल रही हैं। लेकिन अभी तक उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिल पाई हैं।
बता दें कि पहले भी क्षेत्र में तेंदुए ग्रामीणों हमला कर घायल कर चुके हैं। लेकिन, पिछले काफी समय से उनके नजर न आने से ग्रामीण राहत महसूस कर रहे थे। दोबारा आसपास के क्षेत्र में तेंदुए होने की संभावना डर फिर से बढ़ गया है।
वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह- ने बताया की तेंदुए का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक कोई पद चिह्न नहीं मिल सके हैं। लगातार तलाश कराई जा रही है।