हापुड़ रोडवेज डिपो ने स्याना-दिल्ली मार्ग पर बस सेवा शुरू कर दी गई है। इससे स्याना, बीबीनगर, ढिकौली, बछलौता के साथ ही आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह ने बृहस्पतिवार को हरी झंडी दिखाकर बस को दिल्ली के लिए रवाना किया।
परिवहन निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण रूटों पर भी बसों का संचालन करने की तैयारी है। इसी क्रम में स्याना से दिल्ली मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। स्याना से सुबह आठ बजे से बस का संचालन शुरू होगा, जोकि बीबीनगर, बछलौता, बाबूगढ़ छावनी के रास्ते हापुड़ होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होगी।
क्षेत्र के लोगों की तरक्की के लिए प्राथमिकता के आधार पर यह बस स्याना से दिल्ली तक चलेगी। इस बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को दिल्ली जाने में सुविधा मिलेगी। वापसी में दिल्ली से चलकर शाम पांच बजे बस हापुड़ पहुंचेगी और इसके बाद स्याना के लिए चलेगी।
रात्रि में स्याना में ठहराव के बाद दोबारा से सुबह संचालन शुरू होगा। परिवहन निगम ने पांच अन्य मार्गों पर भी बस सेवा शुरू करने के लिए सर्वे किया जा चुका है, जल्द ही इन मार्गों पर भी बस का संचालन होने की उम्मीद है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार से स्थाना-दिल्ली मार्ग पर बस सेवा शुरू कर दी गई है। इससे इस मार्ग पर पड़ने वाले गांवों को हापुड़ और दिल्ली आना-जाना आसान होगा। अन्य मार्गों पर भी जल्द बस सेवा शुरू होंगी।