हापुड़ जिले में मिट्टी का अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह गोरखधंधा न केवल उपजाऊ खेतों को नष्ट कर रहा है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी एक बड़ा खतरा बनता जा रहा है। शहरी इलाकों में तेजी से काटी जा रही कॉलोनियों और प्लॉटों के लिए भराव के नाम पर मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।
जिम्मेदार अधिकारियों की नाकामी और लापरवाही के चलते यह समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के दोयमी फ्लाई ओवर के पास तेजी से काटी जा रही कॉलोनियों और प्लॉटों के लिए भराव के नाम पर बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।
दोयमी फ्लाईओवर के पास रातों-रात अवैध तरीके से मिट्टी का बड़े स्तर पर भराव किया जा रहा है। जिससे सरकार को लाखों रूपये के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है।
जिले के ग्रामीण इलाकों में उपजाऊ खेतों से मिट्टी का खनन कर उसे अवैध तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए प्लॉटों और कॉलोनियों तक पहुंचाया जा रहा है। यह प्रक्रिया बिना किसी रोक-टोक के चल रही है। जिससे खेती योग्य जमीन बंजर होती जा रही है। किसानों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है, लेकिन खनन माफिया बेखौफ होकर अपने इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं।
इस पूरे मामले में जिला खनन विभाग पूरी तरह से असफल साबित हो रहा है। जिम्मेदार अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। जबकि खनन माफिया बेखौफ होकर अपना काम कर रहे हैं। आम जनता और पर्यावरण प्रेमी इस लापरवाही से नाराज हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।