हापुड़ में सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सेना में दो दिन पहले हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद सोमवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में पधराव और फायरिंग भी हुई। इसमें आठ लोग घायल हो गए। आरोपियों ने सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव किया। पुलिस ने चार महिलाओं समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव निवासी समीर और साहजेब के बीच दो दिन पहले चारा लाने के दौरान आपस में कहासुनी हो गई थी। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों के बीच समझौता करा दिया। लेकिन सोमवार की सुबह करीब 11 बजे दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच कहासुनी के दौरान पथराव के अलावा फायरिंग भी हुई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर दिया गया। इस दौरान गाड़ी में सवार पुलिस कर्मी भी बीच गए। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं समेत करीब दस लोगों को हिरासत में लिया है।
दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान कैफ अली, साजिद अली, हुसनै राना, दूसरे पक्ष के अफसर अली, शहरायब अली, फिरासत अली, समीर अली, शादाब अली घायल हो गए। घायलों को परिजनों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस की गाड़ी पर हुआ पथराव :
पथराव और फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम गांव में पहुंची। हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, गाड़ी में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस के सामने भी करीब पांच मिनट तक पथराव होता रहा। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने सख्ती की। गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए सिंभावली के अलावा गढ़, बाबूगढ़, बहादुरगढ़ थाने की पुलिस को तैनात किया गया है।
एएसपी विनीत भटनागर- ने बताया की सेना गांव में दो पक्षों के बीच पूर्व में हुई कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर काबू पा लिया है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। मामले की जांच करते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान कराई जा रही है। शीघ्र ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।