हापुड़। सूरज के तेवर तल्ख होते ही शुक्रवार को गर्मी का प्रकोप बढ़ गया, लेकिन शाम होते ही बारिश से मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अप्रैल आधा बीत चुका है, तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सूर्य की किरणें पड़ते ही गर्मी शुरू हो जाती है। शुक्रवार को भी सुबह से ही सूरज की तपिश ने असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर होते- होते गर्मी का सितम भी लगातार बढ़ता गया। दोपहर में गर्म हवाओं के चलते राह गुजरना भी मुश्किल हो गया।
दोपहर में लोग जरूरी कार्यों से निकले तो पसीने छूट गया। धूप से राहत पाने के लिए लोग छांव की तलाश करते नजर आए। शाम होते ही अचानक मौसम में बदलाव हो गया। पहले आंधी आई और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कि मौसम में बदलाव की संभावना बन रही थी। आने वाले दिनों में मौसम अनिश्चिताओं से भरा हो सकता है। आंधी की भी संभावना है। बारिश के कारण गेहूं किसानों की चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं।