हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में अप्रैल के शुरू होते ही गर्मी धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रही है। सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है, तो हवा न चलने के कारण उमस अधिक हो रही है। बृहस्पतिवार को पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया। हाल यह रहा कि दोपहर को सड़क पर सन्नाटा पसर गया।
अप्रैल की शुरुआत के साथ ही तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ रही है, भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। शहर की सड़कें दिन के समय सुनसान दिखने लगी हैं। लोग अभी से ही घरों में कैद होने लगे हैं। जबकि ये तो गर्मी की शुरुआत है।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही चटक धूप खिली हुई थी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप के तेवर तल्ख़ हो गए और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम रही।
दिन भर व्यस्त रहने वाले चौराहों पर भी भीड़ कम दिखाई दी। बृहस्पतिवार को हवा भी बंद हो गई, जिससे दिन में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अधिकांश लोग घरों में ही रहने को मजबूर रहे।