हापुड़ में डीएम प्रेरणा शर्मा व एसपी ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट में बैठक हुई। जिसमें होली के त्योहार को शांतिपूर्ण मनाने की अपील की गई।
होली पर्व व रमजान को सकुशल सम्पन्न कराने के मकसद से धर्मगुरूओं व अधिकारियों के साथ समन्वय हेतु विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने होली पर्व के मद्देनजर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिये।
इस वर्ष होलिका दहन 13 मार्च, 2025 को तथा 14 मार्च, 2025 को रंग भरी होली के रूप में मनाया जायेगा। यह पर्व सम्पूर्ण जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, इस त्यौहार पर विभिन्न स्थानों पर लोग समूह में रंग खेलते हुए चलते हैं, जिलेवासियों से प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की।
डीएम ने बताया कि होली व ईद के अवसर पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी तहसीलों के एसडीएम और सीओ अपने अपने स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कराए।
डीएम ने ऊर्जा निगम के अधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि होलिका दहन के स्थल पर तार उचित दूरी पर हों। ऐसा ना हो की होलिका दहन से किसी स्थान पर तारों के कारण किसी प्रकार की अनहोनी की घटना होने पाए।
अधिकारियों ने दोनों संप्रदायों के धर्म गुरुओं से होली को सौहार्द पूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। होली वाले दिन पुलिस एवं प्रशासन नगर में चाक चोबंद व्यवस्था रखेगा फिर भी कोई अंसुविदा हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।