हापुड़ जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रोजाना मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह मौसम ने करवट बदली तो बूंदाबांदी के बाद मौसम ठंडा हो गया। इसके बाद दिनभर धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। हवा की रफ्तार भी बढ़ी, जिससे अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
जिले में इस बार मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम का बदलता मिजाज लोगों को परेशान कर रहा है। बृहस्पतिवार तड़के बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा हो गया। सुबह करीब 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। इस दौरान अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और तेज हवा का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद अगले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी होने के बाद गर्मी का असर बढऩा शुरु होने का अनुमान है।