हापुड़ – गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य पर हापुड़ के मीनाक्षी रोड से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। इस शोभा यात्रा का आयोजन सभासद नरेश भाटी की अध्यक्षता में हुआ जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने हरी झंडी दिखा कर यात्रा को रवाना किया।
मीनाक्षी रोड पुस्तकालय से शोभा यात्रा प्रारंभ हुई और सर्राफा बाजार, चंडी रोड,पक्काबाग, अतरपुरा, गोल मार्किट और शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। इस मौके पर नरेश भाटी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को प्रेम, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने हमें जात-पात से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा दी। आज के समय में उनके उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है।
उन्होंने गुरु रविदास के द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने और समाज में भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न जगहों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। स्थानीय संगठनों और श्रद्धालुओं की तरफ से जगह-जगह प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई।
इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। क्योंकि जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा और हापुड़ पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने त्योहारों को लेकर अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की थी जिसमें सख़्त निर्देश दिए थे कि सभी त्योहार और शोभा यात्रा में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरतनी चाहिए।
पुलिस प्रशासन ने मजबूत व्यवस्थाएं बनाई जिसकी वजह से आयोजन शांतिपूर्ण सुचारू रूप से संपन्न हो सका। यात्रा के समापन पर प्रसादी का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु की शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लिया।