जनपद हापुड़ के ब्रजघाट में वैदिक सिटी बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगानगरी के समुचित विकास के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत ब्रजघाट में करीब 100 करोड़ की लागत से गंगा तट के विकास कार्यों का लोकार्पण नहीं किया गया हैं। यह सभी कार्य लोकार्पण की राह देख रहे हैं।
उत्तर प्रदेश से कटकर उत्तराखंड बनने के बाद तीर्थ नगरी हरिद्वार प्रदेश का हिस्सा नहीं रही। उसके बाद सरकार ने ब्रजघाट को छोटा हरिद्वार के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। जिसके बाद से प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गढ़-ब्रजघाट को तीर्थ स्थली और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की है।
जुलाई 2017 में ब्रजघाट में पहुंचे सीएम ने क्षेत्र में वैदिक सिटी बनाने की घोषणा की थी, जिसके तहत गंगा के तट पर नए आधुनिक घाट, पर्यटन विभाग का अतिथि गृह, मनोरंजन पार्क, गंगा तट पर लेजर शो व रंगीन फव्वारा बनाए गए हैं।
पार्किंग स्थल और लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह के पास ही करीब 5.63 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विभाग का अतिथि गृह बनाया गया है। अब तक भी यह सभी कार्य लोकार्पण की राह देख रहे हैं। एसडीएम साक्षी शर्मा ने कहा कि इस मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।