हापुड़ में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। कभी बूंदाबांदी तो कभी चटक धूप खिल रही है। पिछले दो दिन से अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह से ही तेज हवाओं ने परेशान किया। जिससे सड़कों पर धूल उड़ती नजर आई। दिन में अधिकतम 21 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से भी हवा चली। धूल-धक्कड़ से वाहनों की रफ्तार भी कम हो गई।
तेज हवा के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीरों को धूल-धक्कड़ से परेशानी हुई और वाहनों की रफ्तार में भी कमी आई। तेज हवा के कारण दो पहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। धूप सेंकने के लिए घरों की छतों और पार्कों में बैठे लोग ज्यादा देर तक तेज हवा का सामना नहीं कर सके। शाम को सूरज ढलने के बाद फिर से सर्द हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी। बाजार में भी कम ही भीड़ दिखाई दी।
अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लगातार मौसम में बदलाव होने से लोगों की सेहत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वायरल के साथ खांसी व जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में धूल भरी हवाएं सांस रोगियों के लिए मुसीबत बन गई हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि तेज हवाओं का प्रकोप अभी कुछ दिन जारी रहेगा। शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी का भी अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 10 डिग्री, रविवार को अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 10 डिग्री, सोमवार को अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 11 डिग्री, मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 12 डिग्री और बुधवार को अधिकतम तापमान 26 तथा न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।