हापुड़ में मंगलवार को मौसम में बदलाव हुआ। मंगलवार तड़के सुबह बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवा चलती रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। दिन में धूप भी खिली, लेकिन आसमान में दिनभर बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी चलती रही। इससे दिन भर बारिश होने की संभावना भी बनी रही, हालांकि बारिश नहीं हो सकी। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार से न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
मंगलवार तड़के से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। सर्द हवाओं के बीच बूंदाबांदी से तापमान भी कम हो गया। दोपहर को हल्की धूप निकली तो लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। लेकिन इसके बाद फिर से बादल छा गए। देर शाम तक बादलों और सूर्य देव के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज से तापमान में गिरावट का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि अगले कुछ दिन मौसम तो साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है। इससे सुबह और शाम सर्दी का असर बढ़ेगा, हालांकि दिन में सर्दी से राहत मिले रहने की संभावना है।