हापुड़ में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में पेट संक्रमण के मरीजों में लीवर फैटी होने के साथ एंजाइम भी बढ़े मिल रहे हैं। इस कारण इन मरीजों में पेट दर्द, खाना न पचना समेत अन्य समस्याएं आ रही हैं। बच्चों में भी इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं।
फैटी लिवर की बीमारी आजकल तेजी से फैल रही है। इस बीमारी में लिवर में फैट का जमाव हो जाता है। यह समस्या खासकर उन लोगों में ज्यादा देखी जा रही है, जो अनहेल्दी लाइफस्टाइल और खराब खानपान रखते हैं। आजकल बहुत ज्यादा जंक फूड खाया जाने लगा है। इसका ज्यादा सेवन न केवल फैटी लिवर बल्कि अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
फिजिशियन डॉ. असरफ अली ने बताया कि बच्चे जंक फूड ज्यादा पसंद कर रहे हैं, इसका सारा जोर लीवर पर पड़ रहा है। जिन बच्चों का लीवर सिर्फ फैटी है और कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें खानपान सुधारने की राय दी जाती है, लेकिन फैटी लीवर होने के बाद इनमें खराबी आनी शुरू हो गई है, उन्हें रेफर करना पड़ता है।
बिगड़ी लाइफ स्टाइल और खानपान के दुष्प्रभाव की यह शुरुआत है। आगे और भी दिक्कत आ सकती है। लीवर संबंधी समस्या हर वर्ग के लोगों में देखी जा रही है। कई मरीजों में पीलिया की समस्या बनी है। समय रहते उपचार से सुधार हो जाता है, लेकिन इसमें देरी लीवर फेलियर का कारण बनती है।