हापुड़ से महाकुंभ में बसों के जाने के बाद दिल्ली मार्ग पर बसों की किल्लत बढ़ गई है। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब नोएडा होकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में नोएडा मार्ग पर चलने वाली रोडवेज बसों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में यात्रियों को बसों की किल्लत के कारण काफी परेशानी हो रही है।
नोएडा और दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को बसों की कमी से जूझना पड़ रहा है। हापुड़ डिपो से प्रयागराज में 100 बसें भेजी गई हैं। महाकुंभ में जिसके बाद दिल्ली मार्ग पर 14 और नोएडा मार्ग पर हापुड़ डिपो की सात और नोएडा डिपो की दो बसों का संचालन हो रहा है। जबकि डिपो से लंबी दूरी मार्ग पर जाने वाली 50 से अधिक बसों का संचालन दिल्ली मार्ग से होते हुए कौशांबी डिपो से होता था। ऐसे में रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।
अब यात्रियों को दिल्ली मार्ग पर 14 बसों का ही सहारा लेना पड़ रहा है, इससे बसों में यात्रियों का दबाव भी बढ़ गया है। बसों की किल्लत से परेशान यात्री नोएडा मार्ग की बसों में यात्रा कर दिल्ली तक पहुंच रहे हैं, ऐसे में नोएडा मार्ग पर संचालित बसों में भी यात्रियों का बोझ बढ़ गया है। इससे यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ गया है और अतिरिक्त समय भी लग रहा है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि यात्रियों की संख्या के अनुसार लोकल मार्गों पर संचालन किया जा रहा है। दिल्ली मार्ग पर 14 बसें संचालित हैं और रात्रि में नोएडा मार्ग की बसें भी कौशांबी डिपो तक चल रही हैं।