हापुड़। मौसम में उतार चढ़ाव लगातार जारी है। रोजाना दिन में धूप निकल रही है। दिन में धूप से लोगों ने गर्मी महसूस की। हालांकि, सुबह और शाम ठंड का अहसास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से फिर तापमान बढ़ेगा, जिससे दिन में धूप का असर अधिक दिखेगा।
मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार को भी सुबह से ही धूप खिली रही और तेज हवाएं चलती रहीं। लेकिन धूप के सामने हवा का ज्यादा असर नहीं दिखा। दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक दर्ज किया गया।
वहीं सुबह और शाम सर्द हवाओं के साथ ठंडक बरकरार है। शाम ढलते ही सर्द हवाओं का असर शुरू हो गया, जिससे लोगों को ठिठुरन का एहसास हुआ। न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि मंगलवार को तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन बुधवार से फिर तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है, इससे सर्दी का असर कम होगा।