जनपद हापुड़ में ठंड का सितम जारी है। रविवार का दिन बेहद ठंडा रहा। जिसके चलते लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप निकली तो लोगों को राहत मिल पाई।
कई दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिस कारण जन जीवन अस्त व्यस्त है। रविवार सुबह घना कोहरा और आसमान में बादल छाए रहे। इसी के साथ दिनभर बर्फीली हवा चलती रही। इससे लोग घरों में कैद रहे।
इस दौरान शहर की सड़कों और शहर के बाजारों में रौनक गायब रही। लोग बाजारों में कम आए। ठंड से बचने के लिए बाजारों में लोग अलाव का सहारा लेते हुए दिखे। वहीं, शाम को ठंड का प्रकोप बढ़ गया।
जरूरी कामकाज निपटाने आए लोग सही शाम ही घरों को रवाना हो गए। कड़ाके की ठंड से इंसान ही नहीं ब्लकि बेजुबान भी परेशान हैं। सड़कों पर घूम रहे गोवंश ठिठुरते नजर आ रहे है।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के कारण संडे में दुकानदारी पर भी असर पड़ा। दुकानों पर कम ग्राहक नजर आए। दुकानदारी कम होने से दुकानदार भी खासे परेशान नजर आ रहे हैं।