हापुड़ जिले में मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी बारिश तो कभी सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। बृहस्पतिवार को चटक धूप खिली रहने से लोगों को दिन में थोड़ी राहत मिली। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण शुक्रवार को बारिश का अनुमान है।
जिले के तापमान में गिरावट जारी है, जिसकी वजह से धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है। बारिश की वजह से मौसम ने एकदम करवट ले ली है। सोमवार सुबह बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया था। इसके बाद मौसम साफ हो गया। लेकिन पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण गलन और ठिठुरन ने लोगों को परेशान किया हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन इसके बाद धूप निकल आई।
दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा। दिन की अपेक्षा रात के तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है।
तेज हवाओं के साथ बारिश का भी अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहेगा, वहीं शनिवार को भी बारिश की संभावना है। ऐसे में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 10 डिग्री तक रहेगा।