जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर खेती-किसानी में किसानों के लिए वैसे तो बहुत कुछ महत्वपूर्ण है, लेकिन उसमें सबसे जरूरी है फसलों के लिए अनुकूल मौसम का होना। बिना अनुकूल मौसम के किसानों को अपनी फसलों का बेहतर उत्पादन लेना कठिन काम होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, ब्लॉक परिसर में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और बारिश का आंकड़ा एकत्र करने के लिए दो- दो ऑटोमेटिक रेन गेज लगाए जा रहे हैं। अब क्षेत्र के किसानों को मौसम का सटीक पूर्वानुमान मिलेगा।
बेमौसम बारिश के साथ ही तेज हवा भी किसानों के लिए चुनौती है। इससे खेतों में खड़ी फसल गिर जाती है और गंगा के किनारे बसे लोग बाढ़ जैसी स्थिति की चपेट में आ जाते हैं। आपदा विभाग मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाने जा रहा है। इससे हवा की गति, बवंडर की दिशा, वर्षा की तीव्रता के साथ इससे होने वाले नुकसान की जानकारी समय पहले ही मिल सकेगी।
इसी के साथ ही ब्लॉक परिसर में ऑटोमेटिक रेन गेज भी लगेगा। जिसके लगने से मौसम और वर्षा का पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा। इसका सबसे ज्यादा लाभ किसानों को होगा। मौसम का पूर्वानुमान होने से फसलों को तेज बारिश, आंधी या ओलावृष्टि की स्थिति से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। सिंभावली ब्लॉक में इस सिस्टम को लगा दिया गया है।
बीडीओ डॉ. हरित कुमार ने बताया कि आपदा रोकी तो नहीं जा सकती, लेकिन यदि समय से पूर्व सूचना मिल जाए तो इसका असर कम किया जा सकता है। दोनों सुविधाओं के बाद लोगों को वर्षा, ओलावृष्टि, वज्रपात और आंधी-तूफान की समय पूर्व जानकारी मिल सकेगी।